हरियाणा : चोपटा क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि, नरमा-कपास की फसल को नुकसान की आशंका
चोपटा। नाथूसरी चोपटा क्षेत्र में वीरवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। कई गांवों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश से किसानों को राहत मिली, लेकिन ओलों के कारण नरमा और कपास की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्र के कुम्हारिया, खेड़ी, रामपुरा ढिल्लों, जोड़किया, कुतियाना और बरासरी समेत कई गांवों में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया तथा खेतों में नमी बढ़ने से ग्वार और बाजरे की बुवाई करने वाले किसानों को लाभ मिला है। लंबे समय से वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि इससे बंजर भूमि में भी बुवाई कार्य को गति मिलेगी।
वहीं, गांव जमाल में करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि होने से नरमा और कपास की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि मौजूदा समय में बारिश फसलों के लिए लाभदायक है, लेकिन ओलावृष्टि और तेज हवाएं नुकसान का कारण बन सकती हैं।
किसान ओमप्रकाश, सुदेश कुमार, जगदीश और मोहनलाल ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 22 हजार हेक्टेयर भूमि में नरमे की बुवाई की गई है। ऐसे में ओलावृष्टि का असर बड़ी संख्या में किसानों की फसलों पर पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से फसलों की स्थिति का सर्वे कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
और पढ़ें :- एमपी में 72 घंटे बाद तेज हो सकता है मानसून
Regards
Team Sis
Any query plz call 9111977771
https://wa.me/919111977775