भारत-UK ट्रेड एग्रीमेंट 15 जुलाई 2026 से होगा लागू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताते हुए कहा है कि भारत-UK कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) 15 जुलाई 2026 से लागू हो जाएगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "यह जानकर प्रसन्नता हुई कि भारत-UK कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट 15 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को नई गति प्रदान करेगा।"
फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री Keir Starmer के बीच हुई बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-UK व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता भारतीय किसानों, श्रमिकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), स्टार्ट-अप्स और नवोन्मेषकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष हुई पारस्परिक यात्राओं के बाद भारत-UK संबंधों में आई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही, 'विजन 2035' के तहत व्यापार एवं आर्थिक विकास, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु कार्रवाई एवं हरित ऊर्जा, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, शिक्षा तथा लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हुई प्रगति का स्वागत किया।