कपास की फसल पर पैरामिल्ट वायरस का खतरा! 72 घंटे में कर सकता है भारी नुकसान, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
खरगोन (मध्यप्रदेश): देश में कपास उत्पादन के मामले में अग्रणी जिला खरगोन इन दिनों एक नई चुनौती का सामना कर रहा है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और फिर अचानक तेज धूप के चलते कपास की फसल पर पैरामिल्ट वायरस नामक समस्या का खतरा मंडरा रहा है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि यह वायरस जैसे लक्षण वाला रोग कपास के पौधों को बेहद तेज़ी से मुरझा देता है और यदि समय पर उपचार न हो तो 72 घंटे के भीतर पूरी फसल को बर्बाद कर सकता है।
क्या है पैरामिल्ट वायरस?
कृषि विज्ञान केंद्र खरगोन में पदस्थ वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव सिंह के अनुसार, पैरामिल्ट वायरस वास्तव में कोई पारंपरिक विषाणु नहीं है, बल्कि यह एक फिजियोलॉजिकल डिसऑर्डर (शारीरिक गड़बड़ी) है। यह समस्या तब उत्पन्न होती है जब पौधों को पर्याप्त जल और पोषण नहीं मिल पाता, खासकर तब जब मौसम अचानक बदलता है — जैसे लगातार बारिश के बाद तेज धूप या लंबा सूखा और फिर अचानक बारिश।
इस स्थिति में खेतों में कई पौधे एक साथ मुरझाते दिखाई देते हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।
लक्षण क्या हैं?
* पैरामिल्ट के लक्षण कुछ इस प्रकार हैं:
* पत्तियों का अचानक मुरझा जाना
* ऊपरी टहनियों का झुक जाना या सूखना
* पौधों का रंग पीला या भूरा हो जाना
* कुछ पौधों का जमीन पर गिर जाना, जैसे उन्हें काट दिया गया हो
समय पर उपचार बेहद जरूरी: 72 घंटे का सुनहरा मौका
डॉ. सिंह सलाह देते हैं कि यदि इन लक्षणों के संकेत मिलते हैं, तो 72 घंटे के भीतर उपचार शुरू करना अनिवार्य है।
उपचार के लिए:
* 10 मि.ग्रा. कोबाल्ट क्लोराइट + 20 ग्राम यूरिया प्रति लीटर पानी में घोलकर पौधों की जड़ों में सिंचाई करें।
* यह उपचार पौधों की जड़ों की क्रियाशीलता को पुनः सक्रिय करता है, जिससे पौधे जल और पोषण अवशोषित कर सकें।
यदि कोबाल्ट क्लोराइट न मिले, तो विकल्प अपनाएं
यदि बाजार में कोबाल्ट क्लोराइट उपलब्ध नहीं हो:
* कॉर्बेंडाजिम 1 ग्राम + 20 ग्राम यूरिया प्रति लीटर पानी में मिलाकर जड़ों में डालें
या
* कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 2.5 ग्राम + 20 ग्राम यूरिया प्रति लीटर पानी में मिलाकर फसल पर छिड़काव करें
* ध्यान दें: उपचार या छिड़काव 72 घंटे के भीतर अवश्य करें ताकि प्रभावी परिणाम मिलें।