केंद्रीय बजट 2026-27: कपड़ा क्षेत्र की पहलों पर मुंबई में पश्चिमी क्षेत्र परामर्श बैठक आयोजित
केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित कपड़ा क्षेत्र की पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों के साथ एक परामर्श बैठक मुंबई में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता कपड़ा मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने की। इसमें अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल, संयुक्त सचिव पद्मिनी सिंगला, कपड़ा आयुक्त वृंदा मनोहर देसाई और उपमहानिदेशक अखिलेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पश्चिमी क्षेत्र के राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, उद्योग संघों और कपड़ा मूल्य श्रृंखला से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य उद्देश्य बजट 2026-27 में घोषित योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना था।
बैठक में कई प्रमुख योजनाओं पर चर्चा हुई, जिनमें समर्थ 2.0 (कौशल विकास), राष्ट्रीय फाइबर योजना 2026-31 (घरेलू फाइबर उत्पादन को बढ़ावा), टेक्स इको पहल (सतत और स्वच्छ उत्पादन), और टेक्सटाइल एक्सपैंशन एंड एम्प्लॉयमेंट मिशन (TEEM) शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य कपड़ा उद्योग में आधुनिक तकनीक, उत्पादकता वृद्धि और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा मेगा टेक्सटाइल पार्क के विस्तार, हथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र के विकास और ग्राम स्तर की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
कपड़ा सचिव नीलम शमी राव ने कहा कि इस क्षेत्र में सफलता के लिए केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग तथा उद्योग की भागीदारी बेहद जरूरी है। वहीं अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल ने बजट में घोषित प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी और उद्योग एवं राज्यों को आगामी भारत टेक्स 2026 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
यह बैठक मंत्रालय द्वारा आयोजित क्षेत्रीय परामर्श श्रृंखला का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बजट 2026-27 की कपड़ा नीतियों के लिए एक प्रभावी कार्यान्वयन ढांचा तैयार करना है।
और पढ़ें:- महाराष्ट्र के अमरावती पीएम मित्र पार्क में इंफ्रा कार्य पूरा