CCI कपास खरीद: CCI ने आज से कपास की खरीद शुरू की
15 अक्टूबर 2026: भारतीय कपास निगम (CCI) की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कपास खरीद शुरू करने की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस सीजन में 170 खरीद केंद्र स्थापित करने की योजना है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15 अधिक हैं। हालांकि, खुले बाजार में कपास की कीमतें MSP से ऊपर रहने की संभावना के कारण सरकारी केंद्रों पर आवक सीमित रह सकती है।
रिपोर्ट में मध्यम रेशे वाली कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹8,267 प्रति क्विंटल और लंबे रेशे वाली कपास का ₹8,670 प्रति क्विंटल बताया गया है।
इस वर्ष मानसून के दौरान लंबे समय तक बारिश नहीं होने से कपास की फसल प्रभावित हुई है। फूल आने, टिंडे बनने और पकने के महत्वपूर्ण चरणों में नमी की कमी के कारण कई क्षेत्रों में पौधों का विकास प्रभावित हुआ है। इससे उत्पादन घटने की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्ट में CCI के अधिकारी ललित कुमार गुप्ता के हवाले से बताया गया है कि किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। ऐप पर खरीद केंद्रों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
कपास उत्पादन घटने से कीमतों में तेजी की संभावना
रिपोर्ट के अनुसार, देश में सामान्यतः 300 से 325 लाख गांठ कपास का उत्पादन होता है। हालांकि, इस सीजन में उत्पादन घटकर 250 से 275 लाख गांठ रहने का अनुमान जताया गया है।
कपास बाजार विशेषज्ञ गोविंद वैराले के अनुसार, उत्पादन में संभावित कमी के कारण खुले बाजार में कीमतें ₹10,000 प्रति क्विंटल तक पहुंच सकती हैं।
दूसरी ओर, घरेलू उत्पादन घटने की आशंका के बीच कपड़ा उद्योग ने केंद्र सरकार से दिसंबर तक शुल्क-मुक्त कपास आयात की अनुमति देने की मांग की है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बाजार भाव MSP से ऊपर बने रहते हैं, तो CCI के खरीद केंद्रों पर कपास की आवक सीमित रह सकती है।
और पढ़ें :- तेलंगाना में सूखे से कपास की फसल पर संकट