मध्य प्रदेश की खरगोन और बड़वाह मंडियों में कपास के भाव में तेजी; खरगोन में ₹9,355 और बड़वाह में ₹8,940 प्रति क्विंटल तक पहुंचे दाम
मध्य प्रदेश: प्रदेश की खरगोन और बड़वाह कृषि उपज मंडियों में बुधवार को कपास की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। खरगोन मंडी में कपास का अधिकतम भाव ₹9,355 प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले ₹55 अधिक है। वहीं, बड़वाह मंडी में कपास का अधिकतम भाव ₹8,940 प्रति क्विंटल रहा। दोनों मंडियों में आवक और मांग के अनुसार बाजार का रुख अलग-अलग रहा।
खरगोन मंडी में 24,000 क्विंटल कपास की आवक
खरगोन कृषि उपज मंडी में बुधवार को कपास की आवक 5,000 क्विंटल बढ़कर 24,000 क्विंटल पर पहुंच गई। करीब 1,300 वाहनों में लाई गई कपास की नीलामी हुई। मंगलवार को मंडी में 19,000 क्विंटल कपास की आवक और अधिकतम भाव ₹9,300 प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था।
बुधवार को कपास का सामान्य मॉडल भाव ₹9,000 से ₹9,350 प्रति क्विंटल के बीच रहा, जबकि अच्छी गुणवत्ता वाली कपास का अधिकतम भाव ₹9,355 प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। इस तरह अधिकतम कीमत में एक दिन में ₹55 की बढ़ोतरी हुई।
बड़वाह मंडी में कपास ₹8,940 तक पहुंचा
बड़वाह कृषि उपज मंडी में बुधवार को कपास का अधिकतम भाव ₹8,940 प्रति क्विंटल रहा। न्यूनतम भाव ₹8,400 से ₹8,500 के बीच और मॉडल भाव करीब ₹8,870 प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। मंडी में कपास लेकर लगभग 140 वाहन और 12 बैलगाड़ियां पहुंचे।
बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में कई किसानों ने अपनी उपज रोक रखी है। इसके चलते मंडी में कपास की आवक सीमित बनी हुई है। बाजार में मांग के कारण कीमतों को समर्थन मिल रहा है।
मांग और आवक पर निर्भर रहेंगी कीमतें
बाजार जानकारों के अनुसार, कपास की कीमतों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मांग के साथ रुई और काकड़े के भाव से समर्थन मिल रहा है। खरगोन मंडी में कपास का अधिकतम भाव बताए गए ₹8,659 प्रति क्विंटल के MSP से ऊपर रहा। आने वाले दिनों में कपास की कीमतें गुणवत्ता, आवक और बाजार की मांग पर निर्भर करेंगी।
और पढ़ें:- जलगांव में CCI पंजीकरण में भारी गिरावट